रांचीः मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए भी राज्य में यलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, गुमला और खुंटी के साथ राज्य के दक्षिणी और उत्तरी भागों में कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना है. ओलावृष्टि के लिए मौसम विभाग ने विशेषकर चतरा, पलामू, हजारीबाग, लोहरदगा, रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के लिए अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार के बाद मौसम में सुधार होने की संभावना है. इसके साथ ही न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी जारी रहेगी. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश रिकार्ड की गयी. इसके साथ ही लोगों को तेज हवा का भी सामना करना पड़ा. इस दौरान सबसे ज्यादा बारिश लोहरदगा के कुरू में रिकार्ड की गयी. वहां 6.4 मिमी बारिश रिकार्ड की गयी. इस दौरान राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान चाइबासा का 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान मेदिनीनगर में 14.8 डिग्री रिकार्ड किया गया.

