बेतिया: बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) भले ही पुलिस और पब्लिक का रिश्ता मजबूत करने में लगे हैं. लेकिन राज्य के पुलिसकर्मी खाकी को बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे. राज्य में लागू शराबबंदी कानून को ठेंगा दिखाते हुए बेतिया में एक हवलदार सड़क किनारे शराब के नशे में धुत मिला. मामला सामने आने पर एसपी के निर्देश पर आरोपी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया.
यह घटना रविवार की है. सड़क किनारे झाड़ियों में एक शख्स बेसुध पड़ा था. नशे में टल्ली इस शख्स की पहचान हवलदार कृष्ण कुमार सिंह के रूप में हुई. बताया गया कि अत्यधिक शराब पीने के चलते उसकी यह हालत हुई. इस दौरान किसी ने बेसुध हालत में उसकी तस्वीर ले ली और उसे वायरल कर दिया. इसकी सूचना जब एसपी निताशा गुरिया को हुई तो उन्होंने मुफ्फसिल थाना अध्यक्ष को आरोपी हवलदार को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया. हवलदार कृष्ण कुमार का मेडिकल कराया गया जिसमें शराब पीने की पुष्टि होने पर उसे जेल भेज दिया गया.
हवलदार आरोपी कृष्ण कुमार सिंह पुलिस लाइन में तैनात है. थाना अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि एसपी के निर्देश पर आरोपी हवलदार को हिरासत में लेकर उसकी मेडिकल जांच कराई गई. जिसमें उसके शराब पीने की पुष्टि होने पर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.

