हजारीबाग: हजारीबाग झारक्राफ्ट परिसर में सोमवार को पोषण मेला समापन समारोह का आयोजन किया गया. जिला समाज कल्याण पदाधिकारी शिप्रा सिन्हा ने मेले में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि कुपोषण को दूर करने के लिए सरकार द्वारा पांच सूत्र तैयार किया गया है, जिसमें पहला सूत्र है सुनहरे 1000 दिन. पंच सूत्रों के पालन से ही पोषित समाज का निर्माण होगा.
प्रखंड में पूरे पोषण माह विभिन्न गतिविधियां चलाई गई है, जिसका मुख्य उद्देश्य जन-जन को जागरूक करना है. कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए अमृत नगर के श्री विष्णु स्मारक बालक एवं बालिका उच्च विद्यालय के बच्चों द्वारा स्वागत गान, नुक्कड़ नाटक एवं विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों द्वारा उपस्थित लोगों को जागरूक किया गया, साथ ही समाज कल्याण विभाग की ओर से महिलाओं के बीच पोषण संदेश देने हेतु सांप सीढ़ी का खेल आयोजित किया गया.
उपस्थित लोगों ने भी जिला प्रशासन एवं सरकार के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने चाहिए ताकि लोगों को पोषण सहित अन्य जीवन उपयोगी जानकारियां मिलती रहे. इस दौरान सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दी गई.

