हजारीबाग : एनसीसी हजारीबाग ग्रुप मुख्यालय के निर्देश पर एवं 22 बटालियन के तत्वावधान में स्थानीय होमगार्ड ट्रेनिंग सेंटर में आयोजित दस दिवसीय सीएसटी कैंप पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न हो गया. इसके पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि हजारीबाग ग्रुप मुख्यालय के आफिसिएटिंग ग्रुप कमांडर कर्नल अनिल यादव ने कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए सफलता एवं असफलता नहीं बल्कि प्रतियोगिता में सहभागिता की जरूरत होती है. सहभागिता से ही लक्ष्य की प्राप्ति होती है. समारोह में एनसीसी 22 बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर, सह कैंप कमांडर कर्नल नरेश कुमार भगासरा ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि असफलता यह बताती है कि सफलता का प्रयास पूर्णरूपेण नहीं किया.
उन्होंने कहा कि इंटर ग्रुप गवर्नर बैनर्स प्रतियोगिता के तहत यह कैंप आयोजित है. इस कैंप में चयन मुख्यत ड्रिल, प्लेग एरिया एवं कल्चरल प्रतियोगिता के माध्यम से किया गया. उन्होंने कहा कि आरडीसी में चयन के लिए आयोजित इस अंतर बटालियन प्रतियोगिता कैंप में 22 बटालियन हजारीबाग, 45 बटालियन कोडरमा, 36 बटालियन धनबाद, 5 गर्ल्स धनबाद, 4 गर्ल्स दुमका के एनसीसी कैडेट्स ने सहभागिता निभाई. आगामी दस दिवसीय सीएसटी कैंप 26 सितंबर से कनैरी हिल स्थित कृषि पंचायत भवन में आयोजित सीएसटी कैंप में भाग लेंगे. इसके पश्चात चयनित कैडेट्स पटना में आयोजित अंतर ग्रुप प्रतियोगिता में भाग लेंगे.
अंतर ग्रुप प्रतियोगिता से चयनित कैडेट्स दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस कैंप में शामिल होंगे. कैंप के पुरस्कार वितरण समारोह में 22 बटालियन के सीओ सह कैंप कमांडर कर्नल भगासरा समेत 36 बटालियन के ADM ऑफिसर सह डिप्टी कैंप कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल शंकर दयाल सिंह, 22 बटालियन के ADM ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल शिखा एस चंद्रा, एएनओ डॉ बी. बनर्जी, विजय कुमार सिंहा, विनय प्रताप तिवारी, सूबेदार मेजर कमलेश कुमार, सुबेदार अल्फ्रेड, सूबेदार धर्मपाल सिंह, नायब सूबेदार विनोद कुमार, यशवंत सिंह, नाना साहेब, बीएचएम नरेश कुमार, 45 बटालियन के जे.सी.ओ. राम अवध, समेत एनसीसी के कैडेट्स उपस्थित थे.

