जमशेदपुर: जमशेदपुर में मतदान 7 दिसम्बर को होना है. जिला प्रशासन स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने को लेकर पूरी तरह से प्रतिबद्ध है. इधर जिला प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में है. इधर भारत निर्वाचन आयोग के उप चुनाव आयुक्त सुदीप जैन आज जमशेदपुर पहुंचे. जहां उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा विधानसभा चुनाव 2019 को लेकर किए जा रहे तैयारियों का जायजा लिया. जैन ने जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज का भी निरीक्षण किया. उसके बाद सुदीप जैन एक्सएलआरआई पहुंचे जहां बीएलओ और मतदानकर्मियों को उन्होंने संबोधित किया. वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले चार बीएलओ को सम्मानित भी किया. सुदीप जैन ने पूरे राज्य में नए मतदाताओं को जोड़ने के अभियान को बेहद ही सफल बताया और कहा ये जागरूकता के कारण ही सम्भव हो पाया.

उन्होंने लोकतंत्र में मताधिकार के प्रयोग को सबसे महत्वपूर्ण बताया और कहा सुदृढ़ लोकतंत्र के लिए एक- एक मत जरूरी होता है. उन्होंने मौजूद मतदानकर्मियों और बीएलओ से लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की. इस दौरान झारखंड के मुख्य चुनाव आयुक्त विनय चौबे, जमशेदपुर के निर्वाचन पदाधिकारी रविशंकर शुक्ला, जमशेदपुर एसएसपी अनूप बिरथरे कई सरकारी अधिकारी मौजूद रहे.

