हजारीबाग: कोरोना वायरस (कोविड 19) संक्रमण को रोकने तथा संक्रमित व्यक्ति की ससमय जांच कराने के लिए उपायुक्त हजारीबाग भुवनेश प्रताप सिंह के निर्देश पर निगरानी दल का गठन किया गया है . जिसके द्वारा घर-घर जाकर के प्रत्येक व्यक्ति से संपर्क करते हुए सर्वे का कार्य किया जा रहा है.
इस तरह का सर्वे का कार्य प्रथम चरण का संपन्न हो चुका है और उस दौरान सर्दी, खांसी, बुखार और सांस लेने में तकलीफ से संक्रमित पाए गए व्यक्तियों का जांच किया गया.
तत्पश्चात द्वितीय चरण का सर्वे का कार्य शनिवार से प्रारंभ किया गया है जो अगले 3 दिन तक चलेगा. निगरानी दल जिसमें मुख्यत: एएनएम, सहिया, वार्ड सदस्य और सेविका शामिल है.
सहिया दीदी घर-घर जाकर लोगों से स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ले रही है और सर्दी, खासी, बुखार, सांस लेने में तकलीफ से संबंधित लक्षण की जानकारी प्राप्त कर रही है.
इस दौरान बीडीओ सह सीओ राम रतन कुमार वर्णवाल, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ कपिल मुनि, थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने भी गांवों का दौरा कर एएनएम और सहिया दीदी द्वारा किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया.
साथ ही शंकर कुमार गुप्ता ने थर्मल स्कैनर के माध्यम से लोगों के शरीर का तापमान की जानकारी प्राप्त किया. क्षेत्र भ्रमण के दौरान बीडीओ ने प्रखंड के लोगों से अपील किया कि वे निगरानी टीम को सर्वे के कार्य में सहयोग करें और छुपाए नहीं. सही समय पर जानकारी मिलने से ससमय इलाज कर कोरोना संक्रमण को रोका जा सकता है.

