जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित तिलक पुस्तकालय में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने जनता दरबार का आयोजन किया. वैसे तो इस जनता दरबार में कई फरियादी अपनी अपनी फरियाद लेकर पहुंचे, लेकिन स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने मानवता की अद्भुत मिसाल पेश की.
शारीरिक रूप से लाचार और बेबस बुजुर्ग को देखते ही वह खुद उनके पास पहुंचे और उनकी शिकायतें सुनी और तत्काल ही उसका निपटारा संबंधित विभाग के अधिकारियों को करने का निर्देश जारी किया. इसके अलावा और भी फरियादी पहुंचे थे, जो मंत्री के आश्वासन से खुश नजर आए.
वही मंत्री बन्ना गुप्ता ने इसका श्रेय पार्टी सुप्रीमो सोनिया गांधी को दिया और कहा उनके निर्देश पर सारा काम किया जा रहा है. इस जनता दरबार के माध्यम से मंत्री बन्ना गुप्ता ने वर्तमान बजट सत्र में एक प्रस्ताव लाए जाने की बात कही. इसके तहत सुदूर ग्रामीण इलाकों में लगने वाले हाटों में नियमित रूप से मोबाइल चिकित्सालय चलाया जाएगा.
हाट में पहुंचने वाले लोगों का नि:शुल्क इलाज किया जाएगा और ऑन द स्पॉट निदान भी किया जाएगा. उन्होंने बताया कि इस मोबाइल चिकित्सालय में डॉक्टर, नर्स, पारा मेडिकल स्टाफ और लैबोरेट्री जांच की सुविधा रहेगी. उन्होंने बताया कि इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.

