धनबाद:- उपायुक्त उमा शंकर सिंह के निर्देश पर होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों के उपचार एवं उचित स्वास्थ्य प्रबंधन के उद्देश्य से सर्किट हाउस से संचालित टेलीमेडिसिन स्टूडियो से होम आइसोलेट मरीजों के स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है.
इस संबंध में उपायुक्त ने बताया कि डीएमएफटी पीएमयू, डीसीआईपी इंटर्न तथा आइएसएम के छात्रों द्वारा हिम्मत एप विकसित किया गया है. जिसके माध्यम से संक्रमित मरीज लॉगिन कर विशेषज्ञ चिकित्सकों से किसी भी वक्त 24 घंटे संपर्क कर सकते हैं तथा परामर्श प्राप्त कर सकते हैं.
इस संबंध में होम आइसोलेशन नियंत्रण कक्ष के प्रशासनिक नोडल पदाधिकारी रूपेश कुमार मिश्रा ने बताया कि गुरुवार को संध्या 6ः00 तक कुल 14 संक्रमित मरीजों ने होम आइसोलेसन हेतु हिम्मत एप्प के माध्यम से आवेदन दिया.
उन्होंने बताया की सभी मरीजों ने हिम्मत एप्प के माध्यम से अपने केयरटेकर का नाम, घर में कमरों की संख्या, शौचालय की संख्या, दवाइयों तथा उपकरणों की उपलब्धता इत्यादि के विषय में जानकारियां अपलोड की.
उन्होंने बताया कि संक्रमित मरीजों द्वारा अपलोड किए गए छायाचित्रों तथा जानकारियों के आलोक में नियंत्रण कक्ष से अनुमोदित कर उनके आवेदनों को स्वीकृति हेतु अनुमंडल पदाधिकारी, धनबाद को प्रेषित किया गया.

