रांची: झारखंड के विभिन्न जिलों में पिछले 24 घंटे से रूक-रूक कर हो रही बारिश से फसल को भारी नुकसान पहुंचा है.
राजधानी रांची के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में बारिश के कारण सब्जियों के अलावा गेंहू और अन्य फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है.
गुमला जिले में आज सुबह से ही झमाझम बारिश हो रही है. मौसम के बदले मिजाज से किसान चिंतित दिखाई दे रहे हैं.
गिरिडीह जिले में भी आज सुबह 4 बजे से मुसलाधार बारिश हो रही है. एक सप्ताह से जारी बेमौसम बारिश के कारण गेंहूं, चना की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है.
इधर, चतरा जिले में भी लगातार हो रही मूसलाधार बारिश तथा ओलावृष्टि ने प्याज की फसल को नुकसान पहुंचाया है. क्षेत्र में 2 दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश एवं ओलावृष्टि ने चतरा जिला के सिमरिया प्रखंड सोहर गांव निवासी विकास सिंह के द्वारा 1 एकड़ भू-भाग पर लगाए गए प्याज की फसल को नुकसान पहुंचाया है.
वहीं इस तरह से मौसम में हुए अचानक बदलाव के कारण गेंहू की तैयार हो रही गेंहू की बालियां भी नष्ट हो गई है.
किसानों का कहना है कि गेहूं की फसल गिरने या ओलावृष्टि के बाद उसमें दाना नहीं आता है. अरहर, मसूर, बटुरा, खेसारी फसल पककर तैयार था, जो लगातार हो रही मूसलाधार बारिस एवम ओलावृष्टि के कारण खेतों में ही नष्ट हो गया.

