पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के एक बाजार में आज तड़के भयानक आग लगने से लगभग 150 दुकानें जलकर खाक हो गई है. अधिकारियों ने बताया है कि तड़के करीब तीन बजे एक दुकानदार ने धुपगुड़ी बाजार में लपटें उठती हुई देखी थी. उन्होंने बताया है कि छह दमकल वाहनों को घटनास्थल पर भेजा गया था, लेकिन आस-पास पानी का कोई स्रोत नहीं होने की वजह से आग पर काबू पाने के अभियान में देरी हो गई थी.
बाद में कुमलई नाले से पानी लाया गया था, लेकिन तब तक कई दुकानें खाक हो चुकी थीं. जिला अग्निशमन अधिकारी प्रदीप सरकार ने कहा है कि बाजार के निकट जल का कोई स्रोत नहीं होने की वजह से आग पर काबू पाने के लिए पानी लाना काफी मुश्किल था. अधिकारियों ने बताया है कि कूचबिहार जिले के दिनहाता और तूफानगंज समेत अन्य स्थानों से चार और दमकल वाहन मंगाए गए है. उन्होंने बताया है कि सुबह छह बजे के करीब आग पर काबू पा लिया गया है.
अधिकारियों ने बताया है कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है और आग लगने की वजह का अभी पता नहीं चला है. उत्तर बंगाल विकास मंत्री रबींद्रनाथ घोष ने क्षेत्र का मुआयना किया और अधिकारियों से बातचीत की. तृणमूल कांग्रेस की स्थानीय विधायक मिताली रॉय भी घटनास्थल पर मौजूद थीं.
घोष ने कहा है कि मैं यहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश पर आया हूं. घोष ने शहरी विकास मंत्री फिरहाद हाकिम को स्थिति के संबंध में सूचना दी और उनसे अपील की कि वे इस बाजार को धुपगुड़ी नगर निगम के हवाले करने के लिए कदम उठाएं.

