आशका पटेल,
रांची : राजधानी रांची में नया ट्रैफिक नियम लोगों के लिए सिरदर्द बनता जा रहा है. यहां के लोग पहले ट्रैफिक नियम का पालन नहीं करते थे. अब अचानक उन्हें लाल, पीली, हरी बत्ती का मतलब समझ में आने लगा है और लोगों ने हेलमेट पहनना शुरू कर दिया है. हेलमेट की बिक्री अचानक तेज हो गयी है, कई जगह तो हेलमेट का स्टॉक भी खत्म हो गया है.
फाइन के डर से बिक्री भी बढ़ी
पहले तो दायें, बांये करके इधर-उधर से बाइक और स्कूटी निकाल लेने की खुली छूट मिली हुई थी. चालान भी बमुश्किल ही कटता था लेकिन नया नियम लागू होने से धड़ाधड़ चलान कट रहा है. बाइक के सवार ने यदि हेलमेट नहीं पहना है, तो 1 हजार रुपये तक का फाइन कट जा रहा है. ट्रिपल लोड यदि जा रहे है, तो ओवर लोडिंग का फाइन अलग और दो लोगों के बैठने का फाइन अलग कट रहा है. इस जहमत से बचने के लिए लोग अपने पूरे परिवार के लिए ही हेलमेट खरीदने लगे हैं. बच्चे, पत्नी और अन्य के लिए हेलमेट खरीदते अधिक लोग नये नियम को बढ़िया बता रहे हैं. वहीं दुकानदार भी हेलमेट खरीदने के लिए ग्राहकों को पाठ भी पढ़ा रहे हैं और कह रहे हैं कि कैसे हेलमेट पहनना जरूरी है. दुकानदारों का कहना है कि सात दिनों में हेलमेट की बिक्री 60 से 70 प्रतिशत बढ़ गयी है.

