नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे असम में बाढ़ (Assam Flood) प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आएं.
उन्होंने ट्वीट किया, ‘पूरा देश असम के साथ है. असम के लोग अपने साहसी स्वभाव से इस मुसीबत का डटकर सामना कर रहे हैं और इस आपदा से उबर जाएंगे. कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील है कि हर संभव मदद का हाथ बढ़ाएं.’
असम में बाढ़ संबंधी घटनाओं में शुक्रवार को पांच और लोगों की मौत हो गयी जबकि पूरे प्रदेश में लाखों लोग इससे प्रभावित हुए हैं. हालांकि, मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि देश के उत्तरी और उत्तरपूर्वी हिस्सों में मॉनसून की सक्रियता बढ़ेगी जो समस्या को और ‘बढ़ा’ सकती है.
मौसम विभाग ने बताया कि अनुकूल मौसम संबंधी परिस्थितियों के कारण शनिवार और रविवार से देश के उत्तरी और उत्तरपूर्वी भागों में बारिश की स्थिति एवं इसकी तीव्रता में वृद्धि होने की संभावना है.
विभाग ने बयान जारी कर बताया, ‘यह बाढ़ की मौजूदा स्थिति को और बढ़ा सकता है और पूर्वोत्तर राज्यों, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में भूस्खलन भी हो सकता है . एक आधिकारिक बुलेटिन में कहा गया है कि असम में बाढ़ के कारण पांच और लोगों की मौत हो गयी जबकि पूरे प्रदेश के 28 जिलों में 36 लाख लोग प्रभावित हुये हैं .

