रांची: झारखंड में एक महीने पुराने हेमंत सोरेन सरकार का मंगलवार को पहला मंत्रिमंडल विस्तार होगा. राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू सात नये मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता दिलाएंगी. इनमें पांच झारखंड मुक्ति मोर्चा और दो कांग्रेस के विधायक है.

राज्यपाल द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि संविधान के अनुच्छेद 164 (1) द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए सात विधायकों को राज्य का मंत्री और मंत्रिपरिषद का सदस्य नियुक्त करती हूं. इनमें झामुमो विधायक चंपई सोरेन, हाजी हुसैन अंसारी, जगरनाथ महतो, जोबा मांझी, कांग्रेस विधायक बन्ना गुप्ता और बादल तथा झामुमो के मिथिलेश कुमार ठाकुर शामिल है.
राज्यपाल के इस आदेश के साथ ही मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले सदस्यों को लेकर उहापोह की स्थिति समाप्त हो गयी है. राज्यपाल इन सात मंत्रियों को राजभवन के बिरसा मंडप में अपराह्न चार बजे पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी.

