रांची: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता दीनदयाल वर्णवाल ने हेमंत सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि चुनावी घोषणा पत्र में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने वादा किया था कि हम युवाओं को रोजगार देंगे या , 72000 तक सालाना मदद देंगे. परंतु आज युवा निराश है, हताश हैं और ठगा महसूस कर रहे हैं कि 5000 और 7000 सालाना दे कर युवाओं को हेमंत सरकार क्यों मूर्ख बना रही है.
क्या हेमंत सरकार रू 5000 प्रति वर्ष यानी रू 13.78 रुपये प्रतिदिन युवाओं को खैरात दे रही है
वर्णवाल ने कहा कि रघुवर सरकार ने झारखंड के युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से प्रशिक्षित किया और प्राइवेट कंपनियों को बुलाकर 15000 से लेकर 30000 तक की नौकरी देने का काम किया था. तब विपक्ष में रही, यही झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस ने कटाक्ष करते हुए कहा था कि 15000 प्रति माह में क्या होगा युवाओं को, आज युवा परेशान है की 15000 के बदले गठबंधन सरकार सिर्फ ₹417 महीना और ₹ 583 महीना देने की घोषणा की है.
रोजगार दीजिये, पलायन नहीं
वर्णवाल ने कहा कि युवाओं को रोजगार चाहिए , रघुवर दास की सरकार ने लाह की खेती, मधुमक्खी पालन, तसर पालन, मछली पालन, ऑर्गेनिक खेती आदि को प्रशिक्षित कर रोजगार देने का काम किया था,पलायन रोक था. हेमंत सरकार रोजगार तो छोड़ दिया जाए उन्हें ₹417 महीना देकर अपने आपको पीठ थपथपा रही है. क्या फिर से झारखंडी युवा को पलायन का दंश झेलना पड़ेगा.
युवाओं को रोजगार चाहिए ना कि बेरोजगारी भत्ता
वर्णवाल ने कहा कि जब एक युवा मुख्यमंत्री अपने राज्य के युवाओं को ठगने में लग जाए तो राज्य का दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति बनना तय है . मुख्यमंत्री युवाओं को मजबूत कीजिये मजबूर नहीं. युवा देश और राज्य का भविष्य है, उसे मुरझाने मत दीजिये. इसी में राज्य की भलाई है.

