पत्नी कल्पना सोरेन ने रसोई में प्रसाद तैयार किया, कहा-इन लोगों का भी फोटो खिचियें, ये सभी ननद लोग है,गुस्सा हो जाएगी
नेमरा/रांची. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को जनजातीय पर्व बाहा पूजा के अनुष्ठान में भाग लेने के लिए अपने पैतृक गांव रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत नेमरा गांव पहुंचे.
हेमंत सोरेन ने पैतृक गांव नेमरा में मुख्य पुरोहित के रूप में पूजा अनुष्ठान में हिस्सा लिया. वहीं इस मौके पर उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने रसाई में प्रसाद तैयार किया. इस दौरान फोटो खींच रहे मीडियाकर्मियों से आग्रह किया कि वे यहां मौजूद सभी दीदी का भी फोटो जरूर खीचें,क्योंकि ये सभी उनकी ननद है और फोटो नहीं खिंचियेगा, तो ये सभी गुस्सा हो जाएंगी.
हेमंत सोरेन गांव के करीब एक सौ ग्रामीणों के साथ अपने पुस्तैनी घर से करीब आधा किलोमीटर दूर नेमरा पहाड़ की तलहटी पर देवस्थल जहराथान में बाहा पूजा-अर्चना की. गांव के पाहन ( पुजारी) सोहन सोरेन मुख्यमंत्री की आदिवासी परंपरा के मुताबिक पूजा करा रहे है. बताया गया है कि गांव वालों ने हेमंत सोरेन को मुख्य पुरोहित घोषित कर रखा गया है, ऐसे में जब भी जनजातीय पर्व-त्योहार होते है, तो वे अपने पैतृक गांव जरूर पहुंचते है.
इससे पहले हेमंत सोरेन शाम के करीब चार बजे रांची से सड़क मार्ग से नेमरा पहुंचे. नेमरा गांव पहुंचने पर प्रोटोकॉल के तहत जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी गई. इससे पूर्व झामुमो सुप्रीमो, पूर्व मुख्यमंत्री व राज्य सभा सदस्य शिबू सोरेन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन सहित परिवार के अन्य सदस्य भी बाहा पूजा में शामिल होने नेमरा गांव पहुंचे.
बाहा पर्व में परंपरा और रीति-रिवाज के अनुरूप प्रसाद तैयार सखुआ के पत्ते पर भोजन किया जाता है, वहीं सरहुल की तरह की यह पर्व भी प्रकृति पर्व से जुड़ा है, जिसमें प्रकृति की ही पूजा की जाती है.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी और विधायक सीता सोरेन, रामगढ़ विधायक ममता देवी, रामगढ़ के उपायुक्त संदीप सिंह और पुलिस अधीक्षक सहित कई जन प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आस-पास क्षेत्र के ग्रामीण उपस्थित थे.
मुख्यमंत्री ने जनसमस्याएं सुनी
इस क्रम में मुख्यमंत्री ने रामगढ़ जिला स्थित अपने पैतृक आवास नेमरा में आज गोला प्रखंड के विभिन्न गांवों से पहुंचे आम जनता की समस्याओं को सुना. इसी क्रम में मुख्यमंत्री से कई सामाजिक संगठन के लोगों ने भी भेंट की. मुख्यमंत्री ने स्वयं सभी लोगों से आवेदन लिया. मुख्यमंत्री ने आम जनता की समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित भी किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जन समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है. जन आकांक्षाओं को पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की विकास योजनाओं को शत प्रतिशत धरातल पर उतारकर गांव, गरीब एवं किसान को मजबूती प्रदान करना हमारा लक्ष्य है. मौके पर पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र सिन्हा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

