जमशेदपुर: कोरोना महामारी को लेकर झारखंड में लॉकडाउन जारी है. वहीं लॉकडाउन के बीच जमशेदपुर के बिस्टुपुर स्थित मोदी पार्क के समीप चेक पोस्ट पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हेलमेट चेकिंग के दौरान गांजा ले जा रहे एक युवक को गिरफ्त में ले लिया.
बता दें कि मामला बिष्टुपुर थाना क्षेत्र का है. जहां मोदी पार्क से समीप चेक पोस्ट पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हेलमेट चेकिंग के दौरान एक युवक को हेलमेट पहनने को कहा. जैसै ही युवक ने हेलमेट पहनने के लिए गाड़ी की डिक्की से हेलमेट निकालने लगा तो गांजा का पैकेट सड़क पर गिर पड़ा.
फिर पुलिस ने युवक को धर दबोचा और पूरे मामले की जानकारी अपने वरीय अधिकारियों को दिया. फिलहाल पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
बताया जा रहा है कि युवक सोनारी का रहनेवाला है. लॉकडाउन के बीच खुलेआम गांजा लेकर घूम रहे युवक का कारनामा देख मौके पर मौजूद सभी अधिकारी और राहगीर दंग रह गए.
जानकारी के अनुसार, पुलिस की गिरफ्त में आया युवक खुद को बेगुनाह बता रहा है. आखिर युवक के पास गांजा आया कहा से इस मामले में फिलहाल पुलिस जांच में जुट गई है.

