नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में धर्मगुरु दलाईलामा की जासूसी करने के आरोप में एक चीनी नागरिक को हिरासत में लिया गया है, जिसके बाद से हिमाचल प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. स्टेट सीआईडी ने दलाईलामा और उनके मठ की सुरक्षा के चलते राज्य के सभी जिलों के एसपी को अलर्ट रहने के निर्देश जारी कर दिए हैं.
दलाईलामा की सुरक्षा को लेकर जांच एजेंसियां अलर्ट
ऐसे में अब मैक्लोडगंज में दलाईलामा के मठ की सुरक्षा को लेकर जांच एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. इस पूरे मामले पर निर्वासित तिब्बती सरकार का कहना है कि चीन से भारत आने वाले प्रत्येक नागरिक की जांच होनी चाहिए. वहीं दूसरी ओर दलाईलामा की सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर लिए गए हैं. यहां उनकी सुरक्षा में डीएसपी रैंक के अधिकारी सहित अन्य पुलिसकर्मी तैनात हैं.
नाम बदलकर रह रहा था चीनी हवाला कारोबारी
दरअसल, बीते मंगलवार को दिल्ली के मजनू के टीला इलाके से आयकर विधायक के अधिकारियों ने ‘लुओ संग’ नाम के एक चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया था. जो भारत में अपना नाम बदलकर रह रहा है. एजेंसी ने आरोप लगाया है कि वह नागरिक भारत में मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल है और उसने 1000 करोड़ का हवाला किया है.
लामाओं को पैसे देकर लेता था जानकारी
चीनी नागरिक ‘लुओ संग’ भारत में रह रहे तिब्बती लोगों से मिलकर दलाईलामा के बारे में जानकारी इकट्ठा कर रहा था और लामाओं को पैसे देकर दलाईलामा सरकार में पैठ बनाने की कोशिश कर रहा था. मिली जानकारी के मुताबिक इसने मजनू के टीला इलाके में रहने वाले कई लोगों को 2-3 लाख रूपए दिए. इस चीनी नागरिक ने यह पैसे अपने कर्मचारियों के सहारे दिल्ली में रह रहे लामाओं तक पहुंचाए.

