रांची: भारत में ऑस्ट्रेलिया के हाई कमिश्नर बैरी ओ फॉरेल ने बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से ऑनलाइन संवाद किया. ऑस्ट्रेलियाई हाई कमिश्नर ने झारखंड में शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य, खनन समेत विभिन्न क्षेत्रों में झारखंड सरकार के साथ मिलकर कार्य करने की इच्छा जताई .
उन्होंने कहा कि झारखंड में विकास की काफी संभावनाएं हैं और ऑस्ट्रेलिया के विशेषज्ञों की टीम यहां कार्य करने की इच्छुक है. मुख्यमंत्री ने ऑस्ट्रेलियाई हाई कमिश्नर से कहा कि झारखंड खनिज संपदा के मामले में काफी भरा पूरा राज्य है एवं कोयला और लौह अयस्क के खनन के लिए जाना जाता है. साथ ही खेलकूद के लिहाज से भी यहां काफी प्रतिभाएं हैं.
उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई हाई कमिश्नर से कहा कि उनका यहां स्वागत है और सरकार की ओर से उन्हें पूरा सहयोग मिलेगा. ऑस्ट्रेलियाई हाई कमिश्नर ने मुख्यमंत्री को इसके लिए धन्यवाद दिया और कहा कि जल्द ही इस दिशा में पहल की जाएगी .

