रांची: राजधानी रांची में नये साल के स्वागत के लिए एक ओर जहां लोग जश्न में डूबे थे. इसी दौरान शहर के चुटिया थाना क्षेत्र के तेज रफ्तार कार ने सात लोगों को कुचल दिया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गयी.
प्राप्त जानकारी के अनुसार नशे की हालत में कार चला रहे युवक ने मंगलवार रात दो बजे चुटिया थाना क्षेत्र के पटेल चौक के निकट सात लोगों को कुचल दिया.
इस घटना में दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि अन्य पांच घायलों का इलाज रिम्स में चल रहा है.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में ले लिया साथ ही कार को भी जब्त कर लिया है.
बताया गया है कि सभी लोग होटल से काम खत्म कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने सभी लोगों को अपनी चपेट में ले लिया.
बताया जा रहा है कि कार चालक काफी नशे में था इसी वजह से उसने कार पर से अपना नियंत्रण खो दिया और सात लोगों को चपेट में ले लिया.
कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही एक शख्स ने दम तोड़ दिया जबकि एक की मौत रिम्स में इलाज के दौरान हो गयी. घायलों में कुछ की हालत गंभीर बतायी जा रही है.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और फिर जमकर उसकी पिटाई कर दी. वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से कार चालक को छुड़ाया और अपने साथ थाने लेकर गयी.

