जगदम्बा प्रसाद शुक्ल,
प्रयागराज: प्रयागराज में हिंदी दिवस के अवसर पर सोमवार को साहित्य संवर्धन संस्थान की ओर से करमा के विद्यावती मेमोरियल स्कूल में हिंदी भाषा संगोष्ठी एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता राम लोचन सांवरिया तथा संचालन डॉ अमर नाथ सिंह ने किया. कार्यक्रम के प्रारंभ में हिंदी के उद्भव व विकास पर व्यापक प्रकाश डाला गया.
लखन प्रतापगढ़ी, सुरेश कुशवाहा, धर्मचंद पटेल, कृष्णचंद्र साहू, प्रमोद गोस्वामी आदि ने हिंदी की व्यापकता पर चर्चा करते हुए वर्तमान परिप्रेक्ष्य में हिंदी के प्रति बढ़ रही उदासीनता पर चिंता व्यक्त किया. कार्यक्रम के दूसरे चरण में कवि राजेंद्र शुक्ल की सरस्वती वंदना से काव्य गोष्ठी का शुभारंभ किया गया. कवि मोहनजी शुक्ल व डॉ सबरेज अहमद ने अपनी गजलों के माध्यम से लोगों को प्रभावित किया तो बेचन लाल विनोदी व संतोष शुक्ल समर्थ ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत किया.
जे पी शुक्ल की साहित्यिक रचनाओं ने अपनी कविताओं के माध्यम से लोगों को देशप्रेम के प्रति जागरूक किया तो उमेश पटेल ने अपनी कविता से गुरु महिमा का बखान किया. जमुनापारी कवि सांवरिया, अमर नाथ सिंह व लखन प्रतापगढ़ी ने भी अपनी रचनाएं प्रस्तुत किया. कार्यक्रम को मुख्य अतिथि विजय चितौरी, शाहिदा किरमानी, राजेन्द्र पटेल, डॉ राजमणि सिंह, आदि ने भी संबोधित किया. आयोजक डी सी पटेल ने लोगों का आभार व्यक्त किया.

