‘अखिल भारतीय हिंदू महासभा’ ने अयोध्या मामले में सुनवाई के दौरान मुस्लिम पक्ष के वकील राजीव धवन की ओर से सुप्रीम कोर्ट में नक्शा फाड़े जाने की शिकायत बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) से की है और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है.
हिंदू महासभा ने बीसीआई को एक पत्र लिखकर कहा है कि इस मामले में धवन के खिलाफ मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की जाए. इस पर हिंदू महासभा के प्रवक्ता प्रमोद पंडित जोशी के हस्ताक्षर भी हैं. महासभा की ओर से ये भेजा गया पत्र बीसीआई को आज मिला है. जिसमें धवन के नक्शा फाड़ने को सुप्रीम कोर्ट बार का अपमान बताया गया है.
बता दें कि बुधवार को सुनवाई के दौरान जब हिन्दू महासभा के वकील विकास सिंह ने अयोध्या से संबंधित एक किताब और उसका नक्शा बेंच के सामने पेश किया तो मुस्लिम पक्ष के वकील राजीव धवन ने आपत्ति दर्ज कराई. इतना ही नहीं, राजीव धवन ने उस नक्शे के वहीं पर पांच टुकड़े कर दिए. धवन की इस हरकत पर सीजेआई रंजन गोगोई भी नाराज दिखे. हालांकि, बाद में जब इस मामले में अदालत कक्ष में चर्चा हुई तो धवन ने कहा कि उन्होंने नक्शा मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई के कहने पर फाड़ा था.

