ज्योत्सना,
रांची: बुंडू स्थित प्रसिद्ध सूर्यमन्दिर परिसर में आगामी 25 जनवरी को वृहत ऐतिहासिक मेले का आयोजन किया जाएगा. लगातार विगत पच्चीस सालों से सूर्यमन्दिर में मेले का आयोजन किया जाता रहा है. मेले में होने वाली भीड़ को लेकर बुंडू प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं.
बुंडू अनुमंडल पदाधिकारी समेत पुलिस पदाधिकारियों ने मेले के आयोजन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक की. बैठक के पश्चात मेले परिसर में का जायजा भी लिया.
सूर्यमन्दिर में लगने वाले ऐतिहासिक मेले में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. जगह-जगह पुलिसबलों की तैनाती भी की जाएगी. मेले में महिलाओं, बच्चों और युवाओं को किसी तरह की परेशानी न हो इसे लेकर विशेष एहतियात बरती गई है. मेले में बंगाल, बिहार समेत अन्य राज्यों से भी लोग आते हैं. हजारों की संख्या में होने वाली भीड़ के मद्देनजर मजिस्ट्रेट भी बहाल किये जायेंगे.
मेले में अभी से ही आकर्षक और बृहत झूलों के लगाने का कार्य चल रहा है. मेले में बच्चों के मनोरंजन की खास व्यवस्था की जाती है. विद्युत संचालित झूलों के अलावा मिक्की माउस खेल खिलौने, कार रेसिंग, निशानेबाजी और विभिन्न तरह के आकर्षक मनोरंजन साधनों की तैयारी की जा रही है.
दूर-दूर से आने वाले लोगों के लिए बुंडू नगर पंचायत की ओर से पेयजल की भी व्यवस्था की जा रही है. बड़े -छोटे वाहनों की पार्किंग की भी विशेष व्यवस्था की गई है. भीड़ के मद्देनजर छोटे बच्चों के खोने पर माइकिंग से बच्चों की जानकारी मेले में दी जाएगी.
बुंडू स्थित सूर्यमन्दिर में विगत पच्चीस सालों से प्रतिवर्ष 25 जनवरी को मेले का आयोजन किया जाता है. मेले परिसर में स्वच्छता और साफ सफाई की लेकर जगह जगह कूड़ादान की भी व्यवस्था की जाएगी.

