रवि सिंह,
भारतीय जनता पार्टी गोरखपुर क्षेत्र के मीडिया प्रभारी बृजेश राम त्रिपाठी ने कहा कि एक शक्तिशाली राष्ट्रव्यापी हिन्दू संगठन के निर्माण के लिए स्वयं को तिल-तिल कर जलाने वाले डॉ. हेडगेवार वास्तव में युगपुरुष थे. ‘परम वैभवशाली राष्ट्र’ के लिए कटिबद्ध राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक युगपुरुष डॉ. केशवराव बलिराम हेडगेवार द्वारा 1925 को विजयादशमी के दिन नागपुर में अपने घर पर लगाई गई एक संघ-शाखा आज विश्व का सबसे बड़ा शक्तिशाली, अनुशासित एवं ध्येयनिष्ठ संगठन बन गया है.
दाऊदपुर कार्यालय में आयोजित विचार गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए त्रिपाठी ने कहा कि हेडगवार द्वारा 1925 में स्थापित संघ आज 50 से भी ज्यादा राष्ट्रीय स्तर के अनुशांगिक संगठनों के साथ भारत की सर्वांग स्वतंत्रता और सर्वांगीण विकास के लिए परिश्रमपूर्वक जुटा हुआ है. आज चारों ओर दृष्टिगोचर हो रहा सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राजनीतिक परिवर्तन इसी परिश्रम का परिणाम है.
आज (21 जून) डॉक्टर जी की पुण्य तिथि पर देश विदेश में अनेकों विविध क्षेत्रों और प्रत्यक्ष शाखा कार्य में सक्रिय हम करोड़ों स्वयंसेवक संकल्प करते हैं कि संघ संस्थापक द्वारा निर्धारित ध्येय भारतवर्ष की सर्वांग स्वतंत्रता, सर्वांग सुरक्षा तथा सर्वांग विकास को प्राप्त करने के लिए जीवनभर तप और साधना करते रहेंगे.
विश्व गुरु पद आसीन होने तक हम थकेंगे नहीं, रुकेंगे नहीं, झुकेंगे नहीं, जूझते रहेंगे, बढ़ते रहेंगे. 2 अक्टूबर 2025 को संघ स्थापना के सौ वर्ष पूर्ण होंगे, हम अपने ध्येय के बहुत निकट पहुंच जाएंगे. यही हमारी ध्येयनिष्ठ राष्ट्रभक्त, भविष्यदृष्टा, स्वतंत्रता सेनानी और अजातशत्रु संगठक डॉ. हेडगेवार को हमारी संकल्पयुक्त श्रद्धांजलि पूर्ण होगी.
सोशल डिस्टेंसिंग वाले विचार गोष्ठी में शिवाजी सिंह, पवन मिश्रा, संजीव कुमार सिंह, उमेश नाथ पांडेय, दिग्विजय, प्रभाकर ने भाग लिया.

