शशि भूषण दूबे,
सोनभद्र: जनपद के चोपन ब्लाक स्थित किशनपुरवा गांव में भोजन बनाते वक्त गैस सिलेंडर में रिसाव से घर में आग लगी. घर का सामान स्वाहा हो गया और आग बुझाने में गृहस्वामी झुलस गया. जिला चिकित्सालय में इलाज हेतु भर्ती किया गया है.
जानकारी के अनुसार किशनपुरवा गांव निवासी विनोद गुप्ता पुत्र छट्ठू गुप्ता की पत्नी सुबह घर के अंदर गैस सिलेंडर से खाना बना रही थी, इसी बीच सिलेंडर में गैस रिसाव होने से आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया. आग की लपटें देख लोगों ने चिल्लाना शुरू कर दिया.
गांव वाले आग को बुझाने का असफल प्रयास करते रहे, उधर पत्नी और सामान को बचाने के चक्कर में गृहस्वामी विनोद गुप्ता बुरी तरह झुलस गया. लोगों द्वारा एंबुलेंस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी जो लगभग 1 घंटे बाद पहुंची.
तब तक घर का बहुत सारा सामान जल गया, गांव वालों की अथक प्रयास से आग पर काबू पाया गया. उधर घायल गृहस्वामी को कोन अस्पताल भेजा गया, जहां स्थिति गंभीर होने पर उसे जिला मुख्यालय स्थित चिकित्सालय भेजा गया है.
