रांची: बिहार राज्य की तर्ज पर झारखंड में सुविधा देने सहित अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे होमगार्ड जवानों की मांगे पूरी करने के लिए तय की गई समय सीमा आज समाप्त हो रही है.
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार से होमगार्ड जवान जेल भरो आंदोलन प्रारंभ करेंगे. झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले चलाये जा रहे इस आंदोलन में प्रशासनिक हस्तक्षेप के कारण जवानों में भारी नाराजगी है.
आंदोलनकारियों का कहना है कि प्रशासन बार-बार बल प्रयोग कर उन्हें शांतिपूर्ण आंदोलन करने से रोक रहा है. इससे बतौर नागरिक संविधान में प्राप्त उनके अधिकारों का उल्लंघन हो रहा है.
एसोसिएशन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अगर उनकी मांगे पूरी नहीं होती है तो जवान सोमवार से जेल भरो आंदोलन करेंगे. प्रशासन को इसके लिए तैयार रहना चाहिए.
आंदोलनकारियों की ओर से अपनी मांगों को लेकर निकाले गए मशाल जुलूस में प्रशासन के हस्तक्षेप से जवान नाराज हैं. संगठन के महासचिव राजीव कुमार तिवारी ने कहा कि होमगार्ड जवान अपनी जायज मांगों को लेकर राजधानी में आंदोलन कर रहे हैं.
इस पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने की वजह प्रशासन आंदोलन को दबाने की कोशिश कर रहा है. इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता.
उन्होंने कहा कि मांगे पूरी करने के लिए निर्धारित समय सीमा आज खत्म हो रही है. इसके बाद जवान जेल जाने के लिए तैयार हैं.
ज्ञात हो कि पूरे राज्य भर से होमगार्ड जवान इस आंदोलन में शामिल हो रहे हैं. जवानों ने पहले ही कार्य बहिष्कार प्रारंभ कर दिया.

