नई दिल्ली: दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर मांग की है कि दिल्ली में उप राज्यपाल के आदेश से लागू नई व्यवस्था, जिसके तहत हर COVID पॉजिटिव मरीज को क्वारंटीन सेंटर जाकर जांच करानी जरूरी है, उसे खत्म किया जाए.
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली में लागू नई व्यवस्था की वजह से अफरा-तफरी का माहौल है. मेडिकल और प्रशासनिक सिस्टम पर दबाव बढ़ गया है.
डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने गृहमंत्री अमित शाह से अनुरोध किया है कि वे जल्द से जल्द हस्तक्षेप कर नई व्यवस्था को खत्म कर दिल्ली में पुरानी व्यवस्था को बहाल कराएं, ताकि प्रत्येक व्यक्ति को जांच कराने के लिए क्वारंटीन सेंटर न जाना पड़े और पुरानी व्यवस्था तहत दिल्ली सरकार की मेडिकल टीम मरीज के घर जाकर जांच करे.
टीमें मरीज की हालत के मुताबिक उसे अस्पताल में भर्ती करा सके या फिर उसे घर पर ही रहने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दे सके.
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि दिल्ली में प्रतिदिन 3 से 4 हजार मामले जुड़ रहे हैं. कल भी दिल्ली में करीब 4 हजार के करीब नए मामले सामने आये थे. “कल मैंने बताया था कि एलजी साहब को एक चिट्ठी लिखी है कि उनके आदेश से दिल्ली में एक नई व्यवस्था लागू की गई है, जिसमे कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर हर मरीज को क्वारन्टीन सेंटर जाना पड़ेगा.
उप राज्यपाल उस व्यवस्था को बदलें, उस व्यवस्था की वजह से दिल्ली में अफरा-तफरी मच गई है. जब लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जाते हैं, तब वो चाहते हैं कि या तो वे अस्पताल जाएं या अगर उनको कोई लक्षण नहीं है तो वे अपने घर पर रहना चाहते हैं. यदि उनके घर मे व्यवस्था नहीं है, तभी वे चाहते हैं कि उन्हें क्वारंटीन सेंटर में भेजा जाए.
वहीं, आज एलजी साहब के आदेश की वजह से हर व्यक्ति को, चाहे उसके घर में व्यवस्था है या नहीं है, उसे अस्पताल जाना है या नहीं जाना है, लेकिन उसे क्वारन्टीन सेंटर जाना आवश्यक हो गया है.
इस वजह से प्रशासन और मेडिकल सिस्टम पर भी बोझ बढ़ गया है, क्योंकि पहले उनको केवल उन लोगों को क्वारंटीन सेंटर ले जाना पड़ता था, जिनको क्वारंटीन सेंटर में रहना है, जिनके घर में व्यवस्था नहीं है और जिनको कोरोना का लक्षण नहीं है.“
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि आज हर एक व्यक्ति को, चाहे उसको 100, 99 या 103 डिग्री का बुखार हो, पहले उसे क्वारंटीन सेंटर में जाकर चेकअप कराना पड़ता है. उसकी वजह से पूरा का पूरा एंबुलेंस सिस्टम है और प्रशासन व मेडिकल सिस्टम है, वह भी दबाव में है.
आज बसों में भर भर कर लोगों को ले जाना पड़ रहा है. आज बड़े स्तर पर जांच हो रही है. प्रशासन बसों की व्यवस्था करता है और सभी लोगों को बसों में बैठा कर क्वारंटीन सेंटर लेकर जाना पड़ रहा है. इसकी वजह से दिल्ली में अफरा-तफरी मच गई है.

