रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी कोरोना संक्रमण काल में दिल्ली गये है, इनके दिल्ली जाने से झारखंड की जनता को कितना फायदा पहुंचेगा, यह तो वक्त ही बताएंगे, लेकिन उनके दिल्ली जैसे रेड जोन में जाने और वापसी के बाद कोरोना वायरस संक्रमण के फैलाव की आशंका बन गयी है.
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ने कहा कि झारखंड सरकार ने आईसीएमआर और डब्ल्यूएचओ के दिशा-निर्देशों के आलोक में यह फैसला लिया है कि दूसरे राज्यों से आने वाले हर व्यक्ति को 14 दिनों तक होम क्वारंटीन में रहना होगा, इस आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगी और ऐसे लोगों को पेड क्वारंटाइन सेंटर में रखने की बात भी कही गयी है.
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि जब भी भाजपा के ये दोनों नेता दिल्ली से रांची वापस लौटते है, तो उनका होम क्वारंटीन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि अन्य लोगों में वायरस के संक्रमण के फैलाव का खतरा नहीं हो. उन्होंने कहा कि जब ये होम क्वारंटीन में रहेंगे, तो आम जनता के बीच भी अच्छा संदेश जाएगा और लोग सरकार के आदेश को मानेंगे.

