नई दिल्ली: रक्षाबंधन त्यौहार को लेकर ट्रेनों में सीटें अभी से फुल हो गई हैं. अगले महीने के पहले सप्ताह की तीन तारीख को रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया जाएगा. इसे लेकर ट्रेनों से आने जाने वाले यात्रियों के लिए जगह नहीं बची है.
दिल्ली हो या मुंबई रक्षाबंधन तक किसी भी ट्रेन में सीट के लिए विकल्प नहीं मिल रहे हैं. नई दिल्ली से लखनऊ आने वाली गोमती एक्सप्रेस स्पेशल में भी दो अगस्त तक वेटिंग मिल रही है. ट्रेनों में सीटें फुल होने से बस अड्डों पर भीड़ उमड़ेगी.
रक्षाबंधन त्यौहार पर प्रत्येक वर्ष रेलवे कुछ खास ट्रेनें शुरू करता रहा है लेकिन इस बार कोरोना महामारी के चलते रेलवे नियमित ट्रेनों को स्पेशल यात्री ट्रेनें बनाकर संचालित कर रहा है.
ऐसे में यात्रियों को इस बार अतिरिक्त ट्रेनों का तोहफा नहीं मिलेगा. लिहाजा, दिल्ली और मुंबई से आने वाले यात्रियों को वर्तमान में चल रही ट्रेनों से कुछ खास राहत नहीं मिलेगी.
मुंबई से आने वाली कुशीनगर, एलटीटी, अवध और पुष्पक स्पेशल समेत किसी भी ट्रेन में जगह नहीं है. मात्र पुष्पक एक्सप्रेस में ही आरएसी टिकट मिल रहे हैं.
वहीं, तीन अगस्त के बाद से ट्रेन में फिर से जगह खाली है जिसके टिकट आसानी से मिल रहे हैं. वहीं, वापसी में 12 अगस्त के बाद से ट्रेनों में आसानी से सीटें मिल रही हैं.

