लखनऊः सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बोर्ड यूपी सरकार की ओर से दी गई 5 एकड़ जमीन मामले पर उत्तर प्रदेश सुन्नी वक्फ बोर्ड की बैठक हुई .
इस बैठक में निर्णय लिया गया कि यूपी सरकार की ओर से दी गई 5 एकड़ जमीन को बोर्ड स्वीकार करेगा और बोर्ड की बैठक में यह भी तय हुआ कि एक ट्रस्ट बनाकर इस जमीन पर मस्जिद, हॉस्पिटल और लाइब्रेरी जैसी चीजों का निर्माण कराया जाएगा.
जानकारी के मुताबिक, मस्जिद के लिए बनाया जाने वाला ट्रस्ट एक ऐसा केन्द्र भी स्थापित करेगा जहां इंडो-इस्लामिक सभ्यता दिखेगी.
साथ ही इस जमीन पर मस्जिद के साथ चैरिटेबल हॉस्पिटल, अध्ययन केन्द्र और पब्लिक लाइब्रेरी के अलावा समाज की उपयोगिता की अन्य चीजें भी बनाई जाएंगी.
आपको बता दें कि उच्चतम न्यायालय ने पिछले 9 नवंबर को अयोध्या मामले में फैसला सुनाते हुए विवादित स्थल पर राम मंदिर का निर्माण करने और सुन्नी वक्फ बोर्ड को मस्जिद निर्माण के लिए किसी प्रमुख स्थान पर पांच एकड़ जमीन देने के आदेश दिए थे.
राज्य की योगी आदित्यनाथ कैबिनेट ने 5 फरवरी को अयोध्या जिले के सोहावल इलाके में सुन्नी वक्फ बोर्ड को पांच एकड़ जमीन देने का फैसला किया था.

