पंजी के साथ ऑनलाइन करेंगे उपस्थिति दर्ज
धनबाद:- उपायुक्त उमा शंकर सिंह ने सदर अस्पताल में बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए होस्पिटल मेनेजमेंट सिस्टम का उपयोग करने का निर्देश दिया है.
इस संबंध में उपायुक्त ने बताया कि नवनिर्मित सदर अस्पताल को नए सिरे से संचालित करने हेतु अधिसूचित किया गया है. साथ ही साथ राज्य सरकार द्वारा मेडिकल ऑफिसरों की प्रतिनियुक्ति सदर अस्पताल में की गई है. अस्पताल के सुचारू रुप से संचालन के लिए सिविल सर्जन द्वारा अन्य मेडिकल ऑफिसर, पारा चिकित्सक एवं अन्य कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई हैं.
उन्होंने कहा सदर अस्पताल में मरीजों का आगमन शुरू हो गया है एवं उनके ससमय उपचार एवं पब्लिक हेल्थ डिलेवरी सिस्टम को मजबूत करने के लिए सदर अस्पताल में तत्काल प्रभार से मेडिकल ऑफिसर, पारा चिकित्सक एवं अन्य की उपस्थिति दर्ज कराने के लिए होस्पिटल मेनेजमेंट सिस्टम का उपयोग करने का निर्णय लिया गया है.
उन्होंने कहा वर्तमान में उपस्थिति पंजी के अतिरिक्त यह ऑनलाइन व्यवस्था अनिवार्य रूप से प्रभावी की जा रही है. सभी मेडिकल ऑफिसर, पारा चिकित्सक एवं अन्य अपनी उपस्थिति पंजी के साथ ऑनलाइन व्यवस्था में अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे. उन्होंने कहा इसके लिए सिस्टेमेटिक ऑपरेशन प्रोसिजर (एसओपी) का निर्धारण किया है.एसओपी के अनुसार सभी मेडिकल ऑफिसर, पारा चिकित्सक एवं अन्य की उपस्थिति जीपीएस के माध्यम से की जाएगी तथा उनके लोकेशन को सर्वर में संग्रह किया जाएगा. सभी मेडिकल ऑफिसर, पारा चिकित्सक एवं अन्य की उपस्थिति अपने कार्यस्थल के 300 मीटर के अंदर ही दर्ज कर सकते हैं. उपस्थिति दर्ज करने के पश्चात नोडल ऑफिसर उन उपस्थिति का सत्यापन करने के पश्चात नोडल ऑफिसर सदर अस्पताल में नियुक्त सभी कर्मियों के उपस्थिति का सत्यापन करते हुए प्रतिदिन इस पोर्टल पर अनुपस्थिति विवरणी को अपलोड करेंगे.
उन्होंने कहा सभी मेडिकल ऑफिसर, पारा चिकित्सक एवं अन्य की प्रतिनियुक्ति यदि किसी अन्य स्थान पर की जाती है तो पोर्टल के द्वारा अपने नोडल पदाधिकारी को सूचित करने के पश्चात अपनी उपस्थिति दर्ज करने का आग्रह कर सकते है.

