नोएडा: जिला गौतमबुद्ध नगर के नोएडा में कर्ज तले दबे होने के कारण ओयो होटल मैनेजर ने होटल के कमरे में फांसी लगकर आत्महत्या कर ली.
अपर पुलिस उपायुक्त जोन प्रथम रणविजय सिंह ने रविवार को बताया कि नोएडा सिटी सेंटर के पास स्थित एक होटल में मैनेजर के रूप में काम करने वाले मनीष शर्मा सेक्टर 27 स्थित रॉयल रेजिडेंसी होटल के कमरा नंबर 305 में ठहरे थे.
उन्होंने अपने कमरे के अंदर बेड की चादर से फांसी लगा ली. घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ कर अन्दर प्रवेश किया और पंखे से लटक रहे शव को उतारा.
सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मृतक ने एक सुसाइड नोट भी लिखा है, जिसमें उन्होंने बताया है कि अपने कई परिचितों को उन्होंने लाखों रुपया कर्ज दिया था. उधार लेने वाले एक परिचित की मौत हो गई, जबकि कई दोस्तों व परिचितों ने पैसा देने से मना कर दिया.
सुसाइट नोट के अनुसार मनीष ने बैंक से भी क्रेडिट कार्ड के माध्यम से कर्ज ले रखा था. बैंक वाले कर्ज चुकाने के लिए उन पर दबाव बना रहे थे. संभवत: इसी तनाव में आत्महत्या कर लिया.
हालांकि उनके परिजनों ने इस मामले में आत्महत्या की बजाय हत्या की आशंका जताई है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

