मेरठ: मेरठ जनपद के सरधना में गुरुवार सुबह एक मकान में तेज धमाके के साथ विस्फोटक पदार्थ फट गया. धमाके के साथ दो मंजिला मकान भी भरभरा कर ढ़ह गया. मकान ढ़हने से मलबे में दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई, कई लोगों के दबे होने की आशंका है. वहीं घटना की जानकारी लगते ही सरधना पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस और फायर ब्रिगेड की राहत-बचाव कार्य में जुटी हुई हैं.
बताया गया कि हादसा सुबह नौ बजकर 25 मिनिट पर हुआ. सरधना के मोहल्ला पीर जादगान में माबूत खां निवासी टेहरकी का मकान है. सुबह परिवार के लोग मकान में थे. इसी बीच तेज धमाका हुआ और मकान भरभरा कर गिर गया. धमाका इतना तेज था कि आसपास के मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं. धमाके के बाद मकान में आग लग गई. इस दौरान परिवार के कई लोग मलबे में दब गए. वहीं चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा.
उधर, सूचना मिलने पर सरधना पुलिस के अलावा सीओ सरधना आरपी शाही और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस लाइन स्थित फायर स्टेशन से भी फायर ब्रिगेड कि कई गाड़ियां मौके पर भेजी गई है. मकान ढ़हने से मलवा का ढ़ेर लगा हुआ है. इसके अलावा आसपास के थानों की पुलिस भी मौके पर बुला ली गई है. फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई है.

