भौगोलिक परिस्थिति के अनुरूप सरकार लेगी फैसला
रांची. राज्य सरकार की ओर से कहा गया है कि प्रदेश में नये प्रखंडों के सृजन को लेकर सरकार जल्द ही हाउस होल्ड सर्वे कराएगी और यहां की भौगोलिक परिस्थिति के अनुरूप नये प्रखंड के सृजन पर फैसला लेगी.
झारखंड मुक्ति मोर्चा के लोबिन हेम्ब्रम समेत अन्य के एक ध्यानाकर्षण सूचना पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नये प्रखंडों के सृजन के मांग के संबंध में स्पष्ट किया कि सरकार इसके लिए आवश्यक सर्वे कराएगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच-सात पंचायतों को मिलाकर नये प्रखंड गठन की मांग मांग की जा रही है, इसे लेकर राज्य सरकार सभी घरों का हाउस होल्ड सर्वे कराने की तैयारी कर रही है, इस सर्वे के माध्यम से यह पता लगाया जाएगा कि पंचायत और गांवों की दूरी प्रखंड मुख्यालय से कितनी है और लोगों को कितनी सहुलियत दी जा सकती है, उसके बाद जरुरत पड़ी तो नये प्रखंड बनाये जाएंगे.
झारखंड मुक्ति मोर्चा के लोबिन हेम्ब्रम ने राजबिसा को प्रखंड का दर्जा देने की मांग की थी. उनहोंने कहा कि राजबिसा पंचायत के लोगों को प्रखंड मुख्यालय पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, इसकी वजह राजबिसा से प्रखंड मुख्यालय के बीच की दूरी ज्यादा होना है.

