धोनी के आवास के बाहर स्टैटिक बल की तैनाती, आसपास गश्त बढ़ाई गई
रांची: आईपीएल में कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) के खिलाफ खराब प्रदर्शन करने पर चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के खिलाफ सोशल मीडिया पर भद्दे कमेंट्स और परिवार को धमकी दिये जाने का मामला सामने आने के बाद रांची के सिमलिया रिंग रोड स्थित उनके आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है.
सोशल मीडिया पर विजय नाम के एक सिरफिरे की ओर से मिली धमकी के बाद अभी तक पुलिस में औपचारिक रूप से कोई शिकायत नहीं दर्ज करायी है, लेकिन मीडिया में खबर सुर्खियों में रहने के बाद रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके आवास के बाहर स्टैटिक बल तैनाती की गयी है, वहीं आसपास के इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गयी.
रांची के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक नौशाद आलम ने बताया कि जैसे ही सोशल साइट्स इंस्टाग्राम में यह धमकी ट्रेंड करने की खबर मिली, एमएस धोनी के रांची के हरमू और सिमलिया स्थित दोनों आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है.
उन्होंने बताया कि पहले ही धोनी के आवास की सुरक्षा की गयी थी और धमकी के बाद सुरक्षा बढ़ाने का निर्णय लिया गया. उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर टेक्निकल टीम भी आरोपी की शिनाख्त की कोशिश में जुट गयी है, जल्द ही धमकी देने वाले सिरफिरे की भी गिरफ्तारी सुनिश्चित होगी.
इधर, रांची में सिमलिया स्थित एमएस धोनी के आवास ‘विला हाउस’ के बाहर सुरक्षा में तैनात एक पुलिस कर्मी ने बताया कि वरीय अधिकारियों की ओर से यह निर्देश दिया गया है कि आसपास के ईद-गिर्द किसी भी असामाजिक तत्व को भटकने नहीं दिया और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के पाये जाने की स्थिति में उसे पकड़कर स्थानीय थाने को सुपुर्द करने का निर्देश दिया गया है.

