मुंगेर: लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए सरकार की ओर से निश्शुल्क एंबुलेंस सेवा की शुरुआत की गई. सुरक्षित प्रसव को बढ़ावा देने के लिए गर्भवती महिलाओं को अनिवार्य रूप से एंबुलेंस की सुविधा मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं.
लेकिन जिले में खराब एंबुलेंस और विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के कारण जरूरतमंद मरीजों को समय पर एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिल पाती है.
ऐसे में मरीजों को निजी वाहन से अस्पताल तक ले जाना पड़ता है. साधन संपन्न वर्ग के लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती है. लेकिन गरीब और लाचार लोगों को कई बार समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण अपनों को हमेशा के लिए खो देते हैं.
जिले में हाल ही में कई बार ऐसा हो चुका है की जिले के विभिन्न प्रखंडों में समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण कई लोगों ने अपनों को खो दिया.
हाल ही में हवेली खरगपुर में एक व्यक्ति आकाशीय बिजली गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसे समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने पर ग्रामीणों के सहयोग से खाट पर अस्पताल ले जाते देखा गया था और उसकी मृत्यु रास्ते में ही हो गई. वर्तमान में सरकारी अस्पताल के कई एंबुलेंस गैरेज की शोभा बढ़ा रहे हैं.

