मेरठ: परतापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात आवासीय कॉलोनी में स्थित एक हैंडलूम फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. घटना के चलते क्षेत्रवासियों में हड़कंप मच गया.
मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की कई गाड़ियों ने फैक्ट्री की दीवार तोड़कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. अग्निशमन विभाग के अधिकारी पूरे प्रकरण की जांच में जुटे हैं.
अग्निशमन विभाग के अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार की देर रात अछरौंडा स्थित हैंडलूम फैक्ट्री जय गुरुदेव प्रिंटर्स के गोदाम में अचानक आग लग गई. जिसके बाद क्षेत्र के लोगों में हड़कंप मच गया.
जानकारी के बाद फायर बिग्रेड की लगभग कई गाड़ियां मौके पर पहुंची. मगर आवासीय इलाके में स्थित इस फैक्ट्री तक पहुंचने के लिए दमकल विभाग के कर्मचारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी.
घटनास्थल पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मचारी बामुश्किल फैक्ट्री की दीवार तोड़कर भीतर दाखिल हुए. लगभग चार घंटे चली कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. इस दौरान दहशत के चलते क्षेत्रवासी अपने घरों से बाहर निकल आए.
दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक फैक्ट्री में वेंटिलेशन ना होने के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी मेहनत करनी पड़ी. अधिकारियों के मुताबिक यह फैक्ट्री इंदिरापुरम निवासी प्रमोद गुप्ता की बताई जा रही है.
दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक आग लगने का कारण प्रथमदृष्टया शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है. दमकल विभाग के अधिकारी जांच में जुटे हैं.

