सीईआर के तहत जिला प्रशासन को 2.40 करोड़ देने का लिया संकल्प
धनबाद:- धनबाद जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य क्षेत्र में व्यापक सुधार करने के लिए हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (हर्ल) ने सबसे पहले कदम बढ़ाते हुए जिला प्रशासन को 2 करोड़ 40 लाख 77 हजार रुपया कॉरपोरेट एनवायरमेंट रिस्पांसिबिलिटी (सीईआर) के तहत जिला प्रशासन को देने का संकल्प लिया है.
इसकी जानकारी देते हुए उपायुक्त उमा शंकर सिंह ने बताया कि जनवरी माह में विभिन्न कंपनियों के साथ सीईआर एक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए विचार विमर्श किया गया था.
कंपनियों से विचार विमर्श करने के बाद हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड ने सबसे पहले आगे आकर जिला प्रशासन को 2 करोड़ 40 लाख 77 हजार रुपए देने का निर्णय लिया है.
उपायुक्त ने बताया कि इस राशि से डीएवी हाई स्कूल टसरा, मजदूर हाई स्कूल सिंदरी, अपग्रेडेड मिडल स्कूल कालीपुर को लीडर स्कूल बनाने में खर्च किया जाएगा. साथ ही गौशाला सिंदरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का अपग्रेडेशन, बच्चियों के खेलने के लिए वालीबल कोर्ट, सिंदरी में बड़े पैमाने पर सामुदायिक वृक्षारोपण, गोल्फ ग्राउंड के पास स्थित स्टेट लाइब्रेरी का रखरखाव, 24 दिव्यांगों के लिए ट्राई साइकिल, महिला सशक्तिकरण के लिए सिलाई मशीन एवं महिलाओं को प्रशिक्षण देने का भी संकल्प लिया है.
उपायुक्त ने अन्य कंपनियों से भी सीईआर से जुड़कर जिले के सर्वांगीण विकास में अपना बहुमूल्य योगदान देने की अपील की है.
