चतरा: चतरा जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में पति- पत्नी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली गई. दरअसल पुलिस ने थाना क्षेत्र अंतर्गत बकचुमा ईलाके से पेड़ में झूलता एक युवक का शव बरामद किया है. जिसके बाद मौके से शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल भेज दिया है.
मृतक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के भयपुर गांव निवासी निरंजन भुइयां के रूप में हुई है. मृत युवक की पत्नी ने भी देर रात घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद शोक में युवक ने भी आत्महत्या कर लिया है.
इधर राजपुर पुलिस सदर थाना पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए अनुसंधान में जुट गई है. जिले के नक्सल प्रभावित राजपुर थाना क्षेत्र के बकचुमा इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब ग्रामीणों ने एक युवक के शव को महुआ के पेड़ से झूलते देखा, जिसके बाद घटना की जानकारी राजपुर थाना पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विकास पासवान दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पेड़ से उतरवाते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजवाया. युवक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के भयपुर गांव निवासी माधो भुइयां के पुत्र निरंजन भुइयां के रूप में हुई है, जिसके बाद सदर थाना पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई.
जानकारी के अनुसार, देर रात घरेलू विवाद में निरंजन की पत्नी ने भी भयपुर स्थित अपने घर मे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. जिसके बाद शोक में डूबे निरंजन ने भी घर से दूर बकचूमा जंगल मे पेड़ से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. हालांकि पुलिस शव को कब्जे में लेकर अनुसंधान में जुट गई है. पति-पत्नी का एक साथ आत्महत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है.

