रामगढ़: रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र के चौकाद गांव में 52 वर्षीय एक अधेड़ का शव आज फांसी के फंदे में लटका मिला. मृतक के पड़ोसियों और स्थानीय लोगों ने आशंका जतायी है कि पत्नी से झगड़ा होने के बाद पति ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली.
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार गोला थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकाद गांव में एक 52 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति द्वारा फांसी लगाये की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि चौकाद गांव निवासी छेदी रजक का झगड़ा अपनी पत्नी से ही हो गया था. रात में हुए झगड़े के बाद दोनों अलग-अलग कमरे में सोए. सुबह जब पत्नी ने दरवाजा खुलवाया तो छेदी रजक ने गेट नहीं खोला. बाद में दरवाजा तोड़ा गया तो देखा कि छेदी रजक फांसी पर झूल रहा है.
पुलिस की छानबीन में यह बात भी सामने आई है कि छेदी रजक अपने परिवार के साथ हजारीबाग जिले के गिद्दी सी में रहता था. वह अक्सर अपने गांव जन वितरण प्रणाली विक्रेता से राशन का उठाव करने आया करता था.
शनिवार को करमा पूजा में शामिल होने के लिए छेदी और उसकी पत्नी चौकाद गांव आए हुए थे. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.

