साजन मिश्रा
बसंतराय/गोड्डा: थाना क्षेत्र के महेशटिकरी गॉंव में एक 25 वर्षीय युवक की मौत जहर खाने से होने का मामला प्रकाश में आया है. मालूम हो कि मृतक मोहम्मद मौजिम, पिता मोहम्मद इदरीश अपने चार भाई और तीन बहनों में दूसरे नम्बर पर था. जिसकी शादी पांच वर्ष पूर्व बांका जिला के धोरैया थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव में हुई थी. जिससे दो पुत्र भी है,बड़ा बेटा मोहम्मद शफीक,दो वर्ष का है जबकि छोटा अली मुर्तजा एक वर्ष का है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार मौत का कारण सिर्फ आपसी गृह क्लेश है. परिजनों ने बताया कि घटना के दौरान घर पर कोई नहीं था, सभी लोग बाहर गये हुए थे. मृतक की पत्नी सजमुन खातून ने प्रशासन को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि अहले सुबह खाना बनाने के क्रम में हम दोनों के बीच कहा-सुनी हुई थी, जिससे आवेशित होकर जहर खा लिया, जब तक हमलोगों की इस बात की जानकारी हुई और किसी ठोस उपचार में कहीं ले जाने को सोच रहा था. उसके कुछ ही समय के बाद मौत हो गयी.
खबर लिखे जाने तक बसंतराय थाना से एएसआई महावीर उरांव सदल-बल उक्त गांव पहुंच चुके थे और शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोड्डा भेजने की तैयारी कर रहे थे. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

