लोहरदगाः पेशरार थाना क्षेत्र स्थित कानी टोला में एक पति ने अपनी पहली पत्नी की बड़े से हथौड़े और कुदाल से वार कर हत्या कर दी. इसके बाद शव को घर में छोड़ बाहर से दरवाजा में ताला लगा आरोपी भाग निकला. घटना रविवार शाम की है. जब वारदात की सूचना ग्रामीणों को हुई तो उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी. सोमवार को घटनास्थल पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा मामले की जांच में जुट गई है. हत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है. पर आशंका जाहिर की जा रही है कि पति ने पैसे को लेकर पत्नी की हत्या की है. महिला को कुछ दिनों पूर्व ही PM आवास योजना के तहत पहली किस्त मिली थी.
मृतका की पहचान सीता देवी (32) के रूप में की गई. आरोपी सच्चू महतो से उसकी 10 साल पहले शादी हुई थी. दंपती का एक 13 साल का बेटा और एक 11 साल की बेटी है. करीब 7 साल पहले सच्चू ने बिरसमुनी से दूसरी शादी कर ली और उसके साथ देवाकीधाम के पास रहने लगा. इससे सच्चू और सीता देवी के बीच विवाद हुआ और वो दोनों बच्चों के साथ ब्रम्हांडीहा में रहने लगी.
इसी बीच सीता देवी के नाम से PM आवास योजना के तहत पहली किस्त आई. इसके बाद से सच्चू महतो, सीता देवी के नजदीक आ गया और दोनों ही कानी टोला में रहने लगे. रविवार की शाम किसी बात पर दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई. इसके बाद सच्चू महतो ने सीता देवी के सिर पर कुदाल से वार कर दिया. वो जख्मी होकर गिर पड़ी. इसके बाद सच्चू ने बड़े से हथौड़े से सीता के चेहरे पर वार कर दिया. इससे सीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला.

