नई दिल्ली: उत्तरप्रदेश के लखनऊ से एक बड़ी ही अजीबो-गरीब खबर आ रही है. यहां एक पति अपनी गर्भवती पत्नी को उस समय छोड़कर भाग गया जिस समय उसे उसकी सबसे ज्यादा जरुरत थी. बता दें पति उसे छोड़कर भागा भी और बाद में उसे पहचानने से इंकार करने लगा. यह सब जब हुआ जब वह पत्नी की डिलीवरी कराने के लिए अस्पताल लाया था. डिलीवरी से पहले उसकी कोरोना जांच पॉजिटिव आई थी.
पत्नी की कोरोना रिपोर्ट देखकर भागा पति
दरअसल इंदिरानगर की हिना (24) अपने पति फकरुल के साथ लोहिया अस्पताल में डिलीवरी के लिए आई थी. डिलीवरी से पहले अस्पताल प्रशासन ने हिना की कोरोना जांच की तो मालूम हुआ वह कोरोना पॉजिटिव है, इसकी जानकारी जब हिना के पति को दी गई तो उसने तुरंत घबराकर हिना को पहचानने से इंकार कर दिया और उससे कोई रिश्ता न होने की बात कहा. जिसके बाद वह वहां से भाग गया. बाद में डॉक्टरों के जरिए उसे फोन किया गया तब भी वह कहता रहा है कि वह हिना को नहीं जानता.
पेट में हुई नवजात की मौत
जिस समय हिना को उसका पति छोड़कर भागा था उस समय हिना को सिजेरियन डिलीवरी होनी थी. अचानक पति के भाग जाने से डॉक्टर कोई निर्णय नहीं ले सके और हिना के बच्चे की उसके पेट में ही मौत हो गई. मगर हिना ने यहां हिम्मत नहीं हारी उसके बच्चे की मौत के बाद आठ दिन तक अस्पताल में अपना कोरोना का इलाज कराया और उससे जीत कर अपने पिता के घर आ गई.
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
पति के भागने के बाद हिना ने अपने पिता को फोन किया था, जिसके बाद हिना के पिता ने अपने दामाद को फोन किया तो उसने उन्हें भी पहचानने से इंकार कर दिया. उसके बाद हिना की एक बहन हिना के पास आई और उसका ध्यान रखा. बता दें हिना की फकरुल से डेढ़ साल पहले शादी हुई थी.

