- उपायुक्त ने लेह लद्दाख से लौटे 55 श्रमिकों का जाना हाल-चाल
दुमका: झारखंड सरकार और दुमका जिला प्रशासन की पहल पर लॉकडाउन में लेह लद्दाख में फंसे जिले के प्रवासी मजदूर हवाई जहाज और बस से अपने गृह नगर पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया. इसी क्रम में सोमवार देर रात्रि को उपायुक्त राजेश्वरी बी ने आउटडोर स्टेडियम पहुंचकर लेह लद्दाख से लौटे श्रमिकों का हालचाल जाना.
उपायुक्त ने श्रमिकों से बातचीत की एवं यात्रा के दौरान हुई परेशानियों की जानकारी प्राप्त की. इसी क्रम में श्रमिकों ने कहा कि राज्य सरकार तथा जिला प्रशासन द्वारा हमें घर तक लाने के लिए जो भी व्यवस्था की गई है, उसकी प्रशंसा शब्दों में नहीं की जा सकती है. हम सभी राज्य सरकार तथा जिला प्रशासन के प्रति तहे दिल से आभार व्यक्त करते हैं और धन्यवाद देते हैं. श्रमिकों ने कहा कि हमें विश्वास नहीं होता कि हम अपने घर पहुंच चुके हैं .
विशेष विमान से रांची पहुंचे प्रवासी श्रमिक
प्रवासी श्रमिकों को अपने घर तक लाने के लिए एक विशेष विमान रांची पहुंची. बस के माध्यम से कुल 55 श्रमिक दुमका पहुंचे. आउटडोर स्टेडियम में उनके स्वास्थ्य की जांच की गई. इसमें दुमका के मसलिया प्रखंड के 21, रानीश्वर प्रखंड के 18, शिकारीपाड़ा प्रखंड के 3, दुमका प्रखंड के 6 कुल 48 श्रमिक रहने वाले थे.
वहीं पाकुड़ जिला के 3, शिवड़ी वेस्ट बंगाल के 3, जामताड़ा जिला के 1 श्रमिक रहने वाले थे. स्वास्थ्य जांच के उपरांत सभी श्रमिकों को 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन किया गया.
आसनबनी पंचायत के रहने वाले जोना टूडू कहते हैं कि जब उसे यह पता चला कि हवाई जहाज के माध्यम से वह घर जाएंगे, तो उसे विश्वास ही नहीं हो रहा था, लेकिन वे आज यह यकीन के साथ कह सकता है कि सरकार तथा जिला प्रशासन वास्तव में हमारी चिंता करती है.

