दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि किसानों ने 14 दिसंबर को एक दिन का उपवास रखने का आह्वान किया है. आम आदमी पार्टी इसका पूरा समर्थन करती है. मैं भी कल अपने किसान भाइयों के साथ उपवास रखूंगा.
बता दें कि, किसान आंदोलन को लेकर आप कल भूख हड़ताल करेगी. सोमवार को पार्टी मुख्यालय ITO पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक का सामूहिक उपवास रखा जाएगा. इस उपवास में आप के सभी नेता शामिल होंगे.
सिंघू और टिकरी बॉर्डर समेत राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न बॉर्डर पर पिछले 17 दिनों से हजारों प्रदर्शनकारी जमा हैं. किसान केंद्र सरकार से कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहे हैं. किसान नेताओं ने शनिवार को अपनी मांगों पर कायम रहते हुए कहा कि वे सरकार से वार्ता को तैयार हैं, लेकिन पहले 3 नए कृषि कानूनों को निरस्त करने पर बातचीत होगी.
किसानों ने घोषणा की है कि उनकी यूनियनों के प्रतिनिधि 14 दिसंबर को देशव्यापी प्रदर्शन के दौरान भूख हड़ताल पर बैठेंगे. रविवार को हजारों किसान राजस्थान के शाहजहांपुर से जयपुर-दिल्ली राजमार्ग के रास्ते सुबह 11 बजे अपने ट्रैक्टरों से ‘दिल्ली चलो’ मार्च शुरू करेंगे.

