आंध्र प्रदेश: आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) के मुखिया नारा चंद्रबाबू नायडू ने बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद के टमाटर किसान को ट्रैक्टर भेजे जाने की प्रशंसा की है.
सूद ने चित्तूर के रहने वाले किसान को ट्रैक्टर भेजा था. नायडू ने रविवार शाम को ट्विटर पर सोनू सूद की जरूरतमंदों की मदद करने के प्रयास को लेकर तारीफ की.
चित्तूर में रहने वाले इस टमाटर किसान का नाम नागेश्वर राव है. वे तब लाइमलाइट में आए जब सोशल मीडिया पर अपनी दो बेटियों के साथ खेत की जुताई करने वाला उनका वीडियो वायरल हो गया.
वीडियो में किसान अपनी बेटियों के साथ मिलकर हाथों से खेतों की जुताई करते हुए दिखाई दे रहे थे. सूद ने पहले परिवार को बैलों का एक जोड़ा देने का वादा किया. हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि उन्हें बैल की नहीं ट्रैक्टर की जरूरत है.

