-
चार स्पेशल ट्रेन प्रवासी श्रमिकों को लेकर पहुंची वापस
रांची: झारखंड में पिछले हफ्ते से प्रवासी श्रमिकों की घर वापसी का सिलसिला जारी है. वृहस्पतिवार को भी राज्य के विभिन्न स्टेशनों पर चार विशष रेलगाड़ियां प्रवासी श्रमिकों को लेकर पहुंची, जिसमें करीब चार हजार प्रवासी श्रमिकों की घर वापसी हुई है.
सरकार की मदद से झारखंड के प्रवासी मजदूर अपने गृह राज्य में लगातार हंसी खुशी पहुंच रहे हैं. पिछले चैबीस घंटे के दौरान जमशेदपुर और धनबाद समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में मजदूरों की वापसी हुई, जिसमें भारतीय रेल का सबसे बड़ा योगदान रहा.
मैं वापस आऊंगा का वायदा किये प्रवासी मजदूर झारखंड के कोने कोने में रोज पहुंच रहे हैं. उनकी घर वापसी में रेलवे सबसे बड़ा सहारा है. जमशेदपुर और धनबाद में भी श्रमिक स्पेशल ट्रेनों से बड़ी संख्या में मजदूर पहुंचे.
तेलंगाना के घटकेसर से चली ट्रेन गुरुवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंची, जिससे तकरीबन 900 मजदूर अपने गृह राज्य झारखंड पहुंचे. सामाजिक दूरी का पालन करते हुए प्लेटफॉर्म पर एक बोगी आगे, एक बोगी पीछे से श्रमिकों को उतारा गया. इतना ही नहीं स्टेशन पर निकास के लिए दो द्वार बनाए गए थे.
गृह राज्य वापस आने वाले सभी मजदूरों ने सरकार और रेलवे के उत्तम प्रबंधों की प्रशंसा करते हुए एक स्वर में घर वापसी का रास्ता सुगम बनाने के वास्ते सरकार को धन्यवाद दिया.
तेलंगाना से टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंची इस ट्रेन में अधिकतर पलामू गढ़वा लातेहार और चतरा के प्रवासी मजदूर थे. श्रमिकों के आगमन को लेकर टाटानगर स्टेशन में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था भी दिखी.

