नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने चीन के कथित अतिक्रमण को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है.
राहुल गांधी ने अपनी वीडियो सीरीज की चौथी कड़ी में कहा कि चीनियों ने भारतीय जमीन पर कब्जा कर लिया है. सच्चाई को छिपाने वाले राष्ट्र-विरोधी हैं. इसे लोगों के ध्यान में लाना देशभक्ति है.
राहुल गांधी ने कहा कि एक भारतीय के रूप में मेरी पहली प्राथमिकता देश और देश की जनता है. अब यह साफ है कि चीन के लोग हमारी सीमा में घुस आए हैं.
यह बात मुझे परेशान करती है. इससे मेरा खून खौलने लगता है. कैसे दूसरा देश हमारे इलाके में घुस आया. अगर आप चाहते हैं कि मैं चुप हो जाऊं और लोगों से झूठ बोलूं तो मैं चुप नहीं रहूंगा.
राहुल गांधी ने कहा कि मैंने सैटेलाइट तस्वीरें देखी, पूर्व सैन्यकर्मियों से बात की, अगर आप चाहते हैं कि मैं झूठ बोलूं कि चीनी इस देश में नहीं घुसे हैं, तो मैं झूठ नहीं बोलने वाला हूं. मैं स्पष्ट कर देता हूं कि मैं ऐसा नहीं करने वाला हूं. मैं चिंता नहीं करता हूं, चाहे मेरा भविष्य डूब जाए.
राहुल गांधी ने कहा कि मैं लोगों से झूठ नहीं बोल सकता हूं. मैं सोचता हूं कि जो लोग चीनियों के हमारे देश में घुसने के बारे में झूठ बोल रहे हैं, वह लोग राष्ट्रवादी नहीं हैं. मेरे ख्याल से जो लोग झूठ बोल रहे हैं और कह रहे हैं कि चीनी भारत में नहीं घुसे हैं, ऐसे लोग देशभक्त नहीं हैं.

