नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में जानलेवा कोरोना वायरस से हालात दिन पर दिन बदतर होते जा रहे हैं. दिल्ली में संक्रमित मरीजों की संख्या 37 हजार के करीब पहुंच गई है.
राज्य में बढ़ते मामलों के बीच आज दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बड़ा बयान दिया है. सत्येंद्र जैन ने कहा है कि अगर दिल्ली में टेस्टिंग बढ़ानी है तो आईसीएमआर को अपने नियम बदलने होंगे.
दिल्ली में कोरोना वायरस को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में सत्येंद्र जैन ने कहा, ”कोरोना वायरस के मामले पूरे देश में भी हैं और दिल्ली में भी हैं. जहां कम मामले हैं, थोड़े दिनों में उनका नंबर आएगा दिल्ली कोरोना वायरस के मामलों में मुंबई से 10-12 दिन पीछे चल रही है.”
एक सवाल के जवाब में सत्येंद्र जैन ने आगे कहा, ”आपको टेस्टिंग बढ़वानी है तो आईसीएमआर से कहिए कि अपनी गाइडलाइन बदल दे. आईसीएमआर की गाइडलाइन की हम अवहेलना नहीं कर सकते हैं. जो उन्होंने शर्तें लगा रखी हैं, पूरे देश में उन्हीं के टेस्ट हो सकते हैं. आप आईसीएमआर से और केंद्र सरकार से कहिए कि उसको खोल दे, जो भी चाहे जाकर टेस्ट करा ले.”

