रांची: झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री मिथिलेश ठाकुर के वादे के बाद भी रांची के कांके डैम की सफाई नहीं हो पा रही है. कांके डैम संरक्षण समिति ने एलान किया है कि अगर छठ पर्व तक डैम की सफाई नहीं कराई गई तो वहां मौजूद सारा कचरा और जलकुंभी निकालकर नगर निगम, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग और डीसी ऑफिस के गेट पर जमा कर दिया जाएगा. ताकि अधिकारियों को पता चले कि डैम में कितनी गंदगी है.
कांके डैम संरक्षण समिति का कहना है कि डैम की सफाई और अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर 22 दिन के सत्याग्रह के बाद धरनास्थल पर पहुंचे पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने जो आश्वासन दिया था, वह पूरा नहीं हो पा रहा है.
समिति का कहना है कि मंत्री ने वादा किया था कि कांके डैम की सफाई का अभियान बड़े पैमाने पर शुरू किया जाएगा. लेकिन अभी तक सफाई शुरू नहीं की गई है. नगर निगम और जिला प्रशासन की तरफ से सफाई की गलत सूचना जारी की जा रही है.
कांके डैम में अभी भी हर तरफ गंदगी बरकरार है. कांके डैम संरक्षण समिति के अध्यक्ष रमेश मुंडा और सचिव मंजू मुंडा ने डैम का निरीक्षण किया तो पता चला कि हर तरफ गंदगी बिखरी हुई है. लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग हर बार इसी तरह डैम की सफाई का वादा करता है. लेकिन करता कुछ नहीं है.
इसीलिए समिति ने फैसला किया है कि अगर छठ से पहले डैम की सफाई नहीं की गई और डैम से जलकुंभी नहीं हटाई गई तो समिति डैम से कचरा निकाल कर ट्रैक्टर में भरकर नगर निगम, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग और डीसी कार्यालय के गेट पर जमा कर देगी. ताकि यह पता चल सके कि डैम में कितना कचरा और जलकुंभी भरी हुई है.

