रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि कोरोना संक्रमण को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से राज्य सरकार से विचार-विमर्श को लेकर कोई शिड्यूल निर्धारित नहीं किया गया है. लेकिन वे भी चाहते है प्रधानमंत्री से बात हो.
यदि प्रधानमंत्री आने वाले समय में वीडियो कॉन्फ्रेसिंग से चर्चा को लेकर कनेक्ट करते है, तो उन्हें राज्य की पूरी स्थिति बतायी जाएगी. मुख्यमंत्री मंगलवार शाम को रांची स्थित झारखंड मंत्रालय से आवास वापस लौटने के क्रम में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे.
लॉकडाउन में किसानों की निरंतर हो रही दयनीय स्थिति और कर्ज लेने वाले किसानों की बढ़ रही मुश्किल के संबंध में पूछे गये एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा है कि इस संबंध में विभाग काम कर रहा है, जल्द ही किसानों की परेशानियां दूर होगी.
विभिन्न खेल स्पर्द्धाओं के समक्ष उत्पन्न आर्थिक कठिनाईयों के संबंध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने फिर दोहराया कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और खेल को बढ़ावा देने के लिए खेल नीति लगभग तैयार है.
राज्य सरकार खिलाड़ियों के लिए बेहतर कार्य योजना बना रही है. जल्द ही इसे धरातल पर उतारा जाएगा. लॉकडाउन और इसे लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश के संबंध में पूछे गये एक प्रश्न को टालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सारी प्रक्रियाओं के संबंध में सरकार की ओर से आधिकारिक रूप से जानकारी दे दी जाएगी.

